मुहम्मदाबाद (उरई)। डकोर कोतवाली क्षेत्र के रमपुरा गांव में गुलाब जल बनाने की आड़ में संचालित ड्रग्स फैक्टरी के मामले में पुलिस की जांच अब कच्चे माल की सप्लाई करने वालों तक पहुंच गई है। फैक्टरी में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल पहुंचाने वाले कानपुर निवासी रिजवान को कानपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि वह बेहद गोपनीय तरीके से फैक्टरी तक कच्चा माल पहुंचाता था। बिना नंबर की लग्जरी गाड़ी से रात के अंधेरे में रमपुरा पहुंचता और सीधे फैक्टरी के अंदर चला जाता था। गांव के लोगों से बातचीत करना तो दूर, उसकी पहचान तक किसी को नहीं हो सकी थी। वहीं, फैक्टरी संचालक शैलेंद्र पाल अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
सूत्रों के मुताबिक, रिजवान करीब तीन बार रमपुरा आया था। वह कानपुर से बिना नंबर की लग्जरी गाड़ी लेकर रात के समय गांव पहुंचता था। उसका तरीका भी ऐसा था कि किसी को उसके आने-जाने की भनक न लगे। वह गांव में किसी से बातचीत किए बिना सीधे फैक्टरी पहुंचता और कच्चा माल उतारने के बाद रात में ही वापस लौट जाता था। फैक्टरी से जुड़े लोगों को भी उसने सख्त हिदायत दे रखी थी कि उसके बारे में किसी बाहरी व्यक्ति को कोई जानकारी न दी जाए। यही वजह रही कि शुरुआती छापेमारी के दौरान जांच एजेंसियों को कच्चे माल की सप्लाई करने वाले व्यक्ति के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
बताया जा रहा है कि फैक्टरी संचालक शैलेंद्र पाल, संतोष और हेमंत से पूछताछ के दौरान पहले कच्चे माल की सप्लाई करने वाले व्यक्ति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी थी। बाद में सख्ती से पूछताछ किए जाने पर कानपुर निवासी रिजवान का नाम सामने आया। हालांकि, वह कानपुर में कहां रहता है और उसका पूरा नेटवर्क किस तरह काम करता है, इसकी जानकारी जुटाने में जांच टीम को समय लगा। अब रिजवान की गिरफ्तारी के बाद यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह कच्चा माल कहां से जुटाता था, किसके संपर्क में था और फैक्टरी तक पहुंचाने में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।
शैलेंद्र की गिरफ्तारी पर टिकी निगाहें
इस पूरे प्रकरण में फैक्टरी संचालक शैलेंद्र पाल की भूमिका को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फैक्टरी से बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद होने के बाद से वह फरार बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां उसके नेटवर्क और संपर्कों की जानकारी जुटा रही हैं। ग्रामीणों का मानना है कि शैलेंद्र की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फैक्टरी में तैयार होने वाले नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी और इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही कच्चे माल की खरीद, तैयार माल की सप्लाई और आर्थिक लेनदेन से जुड़े राज भी खुल सकते हैं।
शैलेंद्र के घर में जल रही लाइट, बाहर लटका ताला
फैक्टरी का खुलासा होने के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। फैक्टरी से जुड़े शैलेंद्र के घर में बिजली के पंखे और लाइट चालू हैं, लेकिन मुख्य दरवाजे पर ताला लटका हुआ है। ड्रग्स बरामदगी के बाद मकान को बंद कर उसकी चाबी ग्राम प्रधान को सौंप दी गई थी। घर के आसपास शैलेंद्र के रिश्तेदार और परिचित आते-जाते दिखाई देते हैं, लेकिन ग्रामीण इस मामले में खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। गांव में इस प्रकरण को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। बताया जा रहा है कि शैलेंद्र का बड़ा भाई बाहर रहकर पानीपुरी का काम करता है, जबकि उसकी पत्नी गांव में मोमोज की दुकान लगाती है।
फैक्टरी में फंसा जनरेटर और पानी का टैंकर
ड्रग्स फैक्टरी सीज होने का असर उन लोगों पर भी पड़ा है, जिन्होंने अपना सामान किराये पर दे रखा था। फैक्टरी में बिजली की व्यवस्था के लिए लगाया गया जनरेटर और पानी की आपूर्ति के लिए रखा गया टैंकर अब अंदर ही फंसा हुआ है। जनरेटर का किराया 35 हजार रुपये और पानी के टैंकर का किराया 15 हजार रुपये प्रतिमाह बताया जा रहा है। दोनों सामानों के मालिक कई बार फैक्टरी के आसपास चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन सील होने के कारण अंदर प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं।
जनरेटर मालिक का कहना है कि यदि उसे पहले से फैक्टरी में चल रही गतिविधियों की जानकारी होती तो वह अपना सामान किराये पर नहीं देता। इन दिनों शादी-विवाह का सीजन होने के कारण जनरेटर और पानी के टैंकर की अच्छी मांग रहती है। ऐसे में उनका सामान फंसा होने से कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।

