http://www.a2znewsup.com


पर्वत सिंह बादल  (ब्यूरो चीफ जालौन) ✍️

उरई (जालौन)। वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। अब वाहन चेकिंग के दौरान डिजिलॉकर (DigiLocker) में उपलब्ध वैध डिजिटल ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) दिखाने पर उन्हें मान्यता मिलेगी। इससे वाहन चालकों को जरूरी दस्तावेजों की कागजी प्रतियां साथ लेकर चलने की परेशानी से राहत मिलेगी।

यातायात पुलिस जनपद जालौन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, डिजिलॉकर भारत सरकार का आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से नागरिक अपना आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन की आरसी, मार्कशीट सहित अन्य सरकारी दस्तावेज डिजिटल रूप में सुरक्षित रख सकते हैं।

इस तरह डाउनलोड करें डिजिलॉकर ऐप

वाहन चालक अपने मोबाइल के प्ले स्टोर में जाकर DigiLocker सर्च करें। भारत सरकार के आधिकारिक ऐप को चुनकर इंस्टॉल करें। ऐप खोलने के बाद अपनी पसंद की भाषा चुनें और Get Started या Sign Up पर क्लिक करें। इसके बाद मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करें। मांगी गई व्यक्तिगत जानकारी भरने के बाद छह अंकों का सिक्योरिटी पिन बनाएं और आधार नंबर के माध्यम से सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करें।

डिजिटल दस्तावेज कैसे प्राप्त करें?

डिजिलॉकर ऐप में लॉगिन करने के बाद Search Documents पर क्लिक करें। यहां Driving Licence, RC या अन्य संबंधित दस्तावेज चुनें। मांगी गई जानकारी भरकर Get Document पर क्लिक करें। दस्तावेज प्राप्त होने के बाद वह ऐप के Issued Documents सेक्शन में दिखाई देगा।

वाहन चालकों के लिए जरूरी सावधानी

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाएं। साथ ही अपना ओटीपी, आधार नंबर और सिक्योरिटी पिन किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

डिजिटल इंडिया की दिशा में यह सुविधा आम नागरिकों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। वाहन चालक आधिकारिक डिजिलॉकर में जारी दस्तावेज रखकर वाहन चेकिंग के दौरान आवश्यकता पड़ने पर प्रस्तुत कर सकते हैं।

यातायात पुलिस जनपद जालौन सदैव आपकी सेवा में तत्पर।

By Parvat Singh Badal (Bureau Chief Jalaun)✍️

A2Z News UP
खबर वहीं जों सत्य हो

अभी अभी की खबरें