कालपी। दीपावली पर घर के बाहर शराब पीकर हंगामा करने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंगों ने साथियों के साथ घर पर हमला कर दिया। मारपीट में वृद्ध समेत दो लोग घायल हो गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब हमलावर उन्हें गांव छोड़कर जाने की धमकी दे रहे हैं।
कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर गुढ़ा गांव निवासी अवधेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि सोमवार को वह घर पर था। इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति अपने साथियों के साथ पहुंचा और गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर वह दस मिनट में देख लेने की धमकी देकर चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद वह चार-पांच युवकों के साथ लौटा और परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट में अवधेश और उसके वृद्ध पिता बाबूराम घायल हो गए।
पीड़ितों के मुताबिक, हमले के दौरान गांव के कुछ लोग बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। इस दौरान हमलावरों की एक बाइक मौके पर छूट गई, जिसे पीड़ितों ने पुलिस को सौंप दिया। आरोप है कि घटना के एक दिन बाद भी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि गांव की अधिकांश आबादी निषाद समाज की है और उनके परिवार का वहां अकेला घर है। इसी वजह से कुछ लोग उन्हें लगातार परेशान करते हैं। वृद्ध बाबूराम का आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने के बाद अब दबंग परिवार को गांव छोड़ने की धमकी दे रहे हैं। सीओ सदानंद का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है।

