खागा। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग सड़क हादसों में 16 लोग घायल हो गए। इस्कूरी गांव के पास चालक को झपकी आने से चित्रकूट से लौट रही श्रद्धालुओं की पिकअप डिवाइडर से टकरा गई। वहीं, हाईवे और अन्य मार्गों पर बाइक सवार भी हादसों का शिकार हुए। घायलों को सीएचसी हरदो में भर्ती कराया गया, जहां से पांच लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
असोथर थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव निवासी आशीष कुमार पांच लोगों के साथ चित्रकूट धाम के दर्शन कर लौट रहे थे। इस्कूरी गांव के पास चालक दीपू को झपकी आने से पिकअप डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में आशीष, बृंदा प्रसाद, हरिश्वंद्र, रामकिशोर और अशोक कुमार घायल हो गए।
कटोघन टोल प्लाजा के पास बाइक डिवाइडर से टकराने पर खैदीपुर निवासी शिवशरण सिंह और उनकी पत्नी प्रेमा देवी घायल हो गईं। जीटी रोड पर एपीएस स्कूल के सामने बाइक से गिरकर मड़ौली निवासी लवकुश कुमार के सिर में गंभीर चोट आई। वह हेलमेट नहीं लगाए था। खागा-किशुनपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से कुलदीप कुमार और उनकी भतीजी राधा देवी घायल हो गईं। वहीं, पुरइन मोड़ पर दो बाइकों की भिड़ंत में हरदासपुर निवासी अनवर सिंह, उनकी पत्नी जलसा देवी, नौ माह का बेटा आराव, तीन वर्षीय बेटी पल्लवी और राधा घायल हो गए। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि शिकायत मिलने पर हादसों की जांच की जाएगी। संवाद

