उरई। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत परिवहन विभाग ने मंगलवार को स्कूली वाहनों और तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। इस दौरान नियमों के विपरीत संचालित एक स्कूली वाहन को निरुद्ध किया गया, जबकि कई वाहनों के चालान किए गए। अभियान में स्कूली वाहनों की फिटनेस और उनमें क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने की भी जांच की गई।


सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन राजेश कुमार और यात्री-मालकर अधिकारी आनंद राय कुरील ने अलग-अलग मार्गों पर वाहनों की जांच की। एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार की जांच में एक स्कूली वाहन नियमों के विपरीत संचालित पाया गया। इस पर वाहन का चालान कर उसे निरुद्ध कर दिया गया। इसके अलावा अन्य वाहनों के भी चालान किए गए। वहीं यात्री-मालकर अधिकारी आनंद राय कुरील ने पांच स्कूली वाहनों का चालान किया और एक वाहन को निरुद्ध किया। इसके अलावा ओवरस्पीडिंग के मामले में पांच वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। (संवाद)



Source link