http://www.a2znewsup.com

रिपोर्ट विजय द्विवेदी जगम्मनपुर ब्यूरो चीफ ✍️

( उरईजालौन) जगम्मनपुर,: आज भारत सरकार की केंद्रीय प्रभारी अधिकारी श्रीमती भूमिका वर्मा (आईईएस), निदेशक वित्त मंत्रालय, ने अपने तीन दिवसीय जनपद जालौन दौरे के अंतर्गत विकास खंड रामपुरा की ग्राम पंचायत जगम्मनपुर का भ्रमण कर ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन करना रहा।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती भूमिका वर्मा ने पंचायत भवन जगम्मनपुर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका से जुड़े कार्यक्रमों, समूह की कार्यप्रणाली, आय सृजन गतिविधियों एवं उनके अनुभवों की जानकारी ली। महिला समूहों की सक्रियता की सराहना करते हुए उन्होंने उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

इसके पश्चात केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने एचएससी डेयरी, अस्पताल, गौशाला तथा आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र पर पोषण, बच्चों की उपस्थिति एवं सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई, वहीं गौशाला में गोवंश संरक्षण की व्यवस्थाओं को देखा गया। अस्पताल एवं डेयरी से संबंधित सेवाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

श्रीमती भूमिका वर्मा ने ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए विकास कार्यों की समग्र रूप से सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया और कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रामपुरा गजेंद्र प्रताप सिंह, सहायक विकास अधिकारी पंचायत भारत सिंह, ग्राम प्रधान प्रज्ञादीप गौतम, पंचायत सचिव राममोहन सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By Parvat Singh Badal (Bureau Chief Jalaun)✍️

A2Z News UP
खबर वहीं जों सत्य हो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *