कालपी। तहसील क्षेत्र के बाबई गांव में सोमवार को कुएं के पास सड़क किनारे अचानक करीब 20 फीट गहरा गड्ढा हो गया। गड्ढा खुला होने से हादसे का खतरा बना हुआ था। मंगलवार शाम प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कराया और पुलिस बल तैनात कर दिया। इसके बाद गड्ढे में मिट्टी का पुराव शुरू कराया गया।

गड्ढा होने की सूचना पर सोमवार को पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी। उस समय आसपास बैरिकेडिंग तो कराई गई, लेकिन गड्ढे को नहीं भरवाया गया था। मंगलवार को उप जिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य के निर्देश पर नायब तहसीलदार प्रिंस सिंह राजपूत और राजस्व विभाग की टीम दोबारा मौके पर पहुंची। सुरक्षा के लिए रास्ता बंद कराने के साथ पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि कोई व्यक्ति या पशु गड्ढे के पास न पहुंच सके।

तहसीलदार श्रीष कुमार मिश्रा ने बताया कि गड्ढे में मिट्टी का पुराव कराया जा रहा है। प्रथम दृष्टया यह प्राचीन समय में अनाज भंडारण के लिए बनाए जाने वाले गड्ढों जैसा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक इंतजाम कर गड्ढे को भरवाने का काम कराया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि करीब 20 फीट गहरा गड्ढा सड़क किनारे होने से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *