जालौन जिले में स्वतंत्रता दिवस की रात चोरों ने नगर में एक के बाद एक पांच स्थानों को निशाना बनाकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी। अलग-अलग मोहल्लों में हुई चोरी की घटनाओं की जानकारी सामने आने के बाद नगरवासियों में दहशत का माहौल है। चोरी में हुए वास्तविक नुकसान का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। जानकारी के अनुसार, पहली घटना मोहल्ला बापूसाहब में तहसील गेट के पास स्थित होटल में हुई।
होटल मालिक सुनील कुमार बाथम के यहां से चोर सामान और नकदी ले जाने की बात सामने आई है। दूसरी घटना मोती मस्जिद के पास हुई। दिल्ली से आए लोडर चालक सोहिल की गाड़ी से चोर नकदी और गाड़ी की चाबी लेकर फरार हो गए। तीसरी वारदात मोहल्ला तोपखाना में स्वर्गीय फूल सिंह यादव के घर में हुई। इसी मोहल्ले में दिवारी लाल राठौर के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया।
