http://www.a2znewsup.com

पर्वत सिंह बादल (ब्यूरो चीफ जालौन)✍️

उरई (जालौन) जालौन में रबी फसलों की बेहतर पैदावार और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की दिशा में जनपद जालौन में सिंचाई विभाग द्वारा नहरों के संचालन एवं टेल फीडिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। विभाग की प्राथमिकता है कि नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचे, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को भी सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके और उनकी फसलों की सिंचाई प्रभावित न हो। अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग धर्म घोष ने बताया कि जनपद में हमीरपुर एवं कुठौंद शाखा के माध्यम से नहरों में पानी प्रवाहित किया जा रहा है। इन दोनों मुख्य शाखाओं की लंबाई क्रमशः 132.968 किलोमीटर एवं 105.210 किलोमीटर है। इनसे निकलने वाली कुल 291 नहरों के माध्यम से किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा रहा है। 10 नवंबर 2026 से नहर संचालन प्रारंभ होने के उपरांत अब तक 143 नहरों की टेल फीडिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष नहरों में भी निर्धारित रोस्टर एवं प्राथमिकता के आधार पर पानी पहुंचाने की कार्रवाई निरंतर जारी है। सिंचाई विभाग द्वारा उपलब्ध संसाधनों एवं तकनीकी व्यवस्थाओं का बेहतर उपयोग करते हुए नहरों के संचालन पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्षेत्र में रहकर नहरों के जल प्रवाह की नियमित निगरानी करने तथा कहीं भी अवरोध अथवा पानी के प्रवाह में कमी की समस्या सामने आने पर तत्काल उसका निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों से भी अपील की गई है कि वे नहरों की अवैध कटिंग न करें तथा पानी का उपयोग आवश्यकतानुसार एवं संयमित रूप से करें, जिससे नहरों के अंतिम छोर पर स्थित किसानों को भी पर्याप्त पानी मिल सके। यदि किसी नहर में पानी के प्रवाह में बाधा अथवा टेल तक पानी न पहुंचने की समस्या आती है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभागीय अधिकारियों को दें। सिंचाई विभाग द्वारा रबी फसलों की सिंचाई के लिए किसानों को समय से पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचे और किसानों को फसल उत्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

By Parvat Singh Badal (Bureau Chief Jalaun)✍️

खबर वहीं जों सत्य हो✍️

अभी अभी की खबरें