Heavy vehicles on the highway pose a lethal threat; only one patrolling vehicle for a 60-kilometer stretch

वाराणसी-लखनऊ हाइवे पर बेतरतीब खड़े ट्रक। संवाद

जलालपुर/जफराबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग पर करोड़ों रुपये टोल टैक्स वसूलने के बावजूद यात्रियों का सफर सुरक्षित नहीं है। वाराणसी-सुल्तानपुर हाईवे पर जलालपुर से जौनपुर की तरफ करीब 60 किलोमीटर के दायरे में महज एक रूट पेट्रोलिंग वाहन (आरपीडब्ल्यू) होने की बात सामने आई है। दूसरी ओर, इन दिनों पड़ रहे कोहरे के बीच हाईवे पर बाईपास, कट और ढाबों के सामने खड़े भारी वाहन हादसों का खतरा बढ़ा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेट्रोलिंग टीम ऐसे वाहनों को हटवाने या कार्रवाई करने के बजाय सायरन बजाकर आगे बढ़ जाती है।


रात में बिना रिफ्लेक्टर और इंडिकेटर के खड़े ट्रक व कंटेनर कोहरे में और खतरनाक साबित होते हैं। हाईवे पर गलत तरीके से खड़े वाहनों को हटवाने की जिम्मेदारी पेट्रोलिंग टीम की है, लेकिन इसका प्रभाव जमीन पर नहीं दिख रहा।

ट्रक चालक भोजन और आराम के लिए ढाबों के सामने वाहन खड़े कर देते हैं। ढाबा संचालक भी सड़क तक पार्किंग करा देते हैं। कई वाहन घंटों और रातभर सड़क किनारे खड़े रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोलिंग टीम की गश्त के बावजूद इन वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। ऐसे में चालकों में कार्रवाई का डर भी नहीं रह गया है।

पेट्रोलिंग वाहनों की कमी भी चिंता बढ़ा रही है। जलालपुर क्षेत्र के लहंगपुर, त्रिलोचन, मनहन और जफराबाद के सिरकोनी के आसपास आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती हैं। इनमें कई राहगीरों और स्थानीय लोगों की जान जा चुकी है। करीब 60 किलोमीटर लंबे दायरे में एक ही पेट्रोलिंग वाहन होने से दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाना चुनौती बन जाता है। स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, हादसे के बाद एंबुलेंस और राहत टीम को मौके पर पहुंचने में भी देरी होती है।

जलालपुर से जौनपुर के बीच हाईवे पर 100 से अधिक अनधिकृत कट होने का दावा है। इनसे गलत दिशा में आने वाले वाहन और सड़क किनारे खड़े भारी वाहन दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ाते हैं। सर्दियों में कोहरे के दौरान दृश्यता कम होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। ऐसे में पेट्रोलिंग की सीमित व्यवस्था और अवैध पार्किंग पर प्रभावी रोक नहीं लगना यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है।



Source link

अभी अभी की खबरें