जौनपुर। जिले में दो प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने दोनों परियोजनाओं के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके तहत कुल 28.47 किलोमीटर सड़कों का विकास कराया जाएगा। इन कार्यों पर 49 करोड़ 38 लाख 24 हजार रुपये खर्च होंगे। शासन ने पहली किस्त के रूप में 9 करोड़ 87 लाख 64 हजार रुपये भी जारी कर दिए हैं। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव के मुताबिक कि पहली परियोजना के तहत सलोनी-महमापुर-कोठवार-जंगीपुर-इटौरी-संदहा मार्ग के 15 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इस कार्य पर 24 करोड़ 66 लाख 51 हजार रुपये खर्च होंगे। इसके लिए पहली किस्त में 4 करोड़ 93 लाख 30 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

दूसरी परियोजना के तहत लुंबिनी-दुद्धी राज्य मार्ग (135ए) के किलोमीटर 225 से लपरी-अतरौरा-खजुरा-बैरयाकाजी-मीरापुर होते हुए मुबारकपुर मार्ग के 13.470 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इसकी कुल लागत 24 करोड़ 71 लाख 73 हजार रुपये निर्धारित की गई है। इसके लिए पहली किस्त में 4 करोड़ 94 लाख 34 हजार रुपये जारी किए गए हैं। राज्यमंत्री ने बताया कि दोनों परियोजनाओं में निर्माण कार्य के साथ पांच वर्ष के अनुरक्षण का भी प्रावधान किया गया है। शासनादेश के अनुसार दोनों मार्गों का निर्माण 12 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि इन सड़कों के बेहतर होने से ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।



Source link

अभी अभी की खबरें