मध्य प्रदेश के एक ग्राम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 16 वर्षीय कक्षा 11 की छात्रा ने अपने गांव लौटकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर जान दे दी। अस्पताल लाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक आत्मघाती कदम उठाने से ठीक एक रात पहले मृतका ने 5-6 लड़कों पर अपहरण करने व मऊरानीपुर में बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया था। पिता ने बताया कि उसकी बेटी को आरोपी दिल्ली भेजने की फिराक में थे।
गरौठा थाना क्षेत्र के एक ग्राम निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री मप्र के एक ग्राम के एक स्कूल में कक्षा 11 की छात्रा थी। वह मप्र के एक ग्राम में अपनी दादी के साथ एक किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। गत 13 जुलाई की शाम वह अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद थाने में उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस व परिजनों द्वारा लगातार की जा रही खोजबीन के तीन दिन बाद छात्रा को मऊरानीपुर के एक मोहल्ला से एक कमरे से बरामद किया गया था। कानूनी प्रक्रिया और पुलिसिया बयानों के बाद 18 जुलाई को पिता अपनी बेटी को वापस अपने गांव ले आए थे। बताया कि 18 जुलाई की रात घर पर बेटी ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि उसका अपहरण किया गया था। आरोपी उसे एक बाइक पर बैठाकर मऊरानीपुर लाए थे। जहां उसे एक दिन के लिए एक अंडरग्राउंड कमरे में बंधक बनाकर रखा गया और गेट नहीं खोलने दिया गया। आरोपी उसे मऊरानीपुर रेलवे स्टेशन के रास्ते दिल्ली ले जाने की फिराक में थे। छात्रा ने इस घिनौनी साजिश में करीब 5-6 लड़कों के शामिल होने की बात कही थी।
पिता के अनुसार, बेटी इस घटना से गहरे मानसिक आघात में थी। परिजनों ने बताया कि उन्होंने उसे बहुत समझाया, लेकिन समाज और लोकलाज का डर उस पर हावी हो गया। रविवार सुबह पिता खेत पर फसलों में कीटनाशक दवा का छिड़काव करने गया था। इसी बीच घर से सूचना मिली कि उनकी पुत्री ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। बदहवास परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए मऊरानीपुर सरकारी अस्पताल लेकर आये। लेकिन, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस संबंध में कोतवाल मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया कि मामला संज्ञान में आने पर पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन मामला गरौठा थाना क्षेत्र का होने के चलते सूचना गरौठा पुलिस को दे दी गई है।
