अशोक सनफ्रान कॉलोनी में चोरी करने के इरादे से घुसे पांच बदमाशों में एक बदमाश शुक्रवार आधी रात नवाबाद पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। उसके पास से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, चोरी में प्रयुक्त औजार, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस उसके दूसरे साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही कि इसी गिरोह ने कॉलोनी में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर के घर में ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की।
सीओ सिटी रामवीर सिंह ने बताया कि रविवार को अशोक सिटी में अज्ञात बदमाशों के घुसने की सूचना मिली थी। सुरक्षा गार्डों के रोकने पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग की थी। सुराग लगाने पर पुलिस को शुक्रवार रात जेडीए कॉलोनी से मुस्तरा जाने वाले पहाड़ी मार्ग के पास बदमाशों के होने की सूचना मिली। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव की अगुवाई में टीम वहां पहुंची। यहां अरमान उर्फ राजू (25), निवासी पाल कॉलोनी ने पुलिस टीम को देखकर तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली जा लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से चोरी में इस्तेमाल होने वाले हथौड़ा, सरिया, कटर, पेचकस, चाकू, टायर खोलने की रॉड समेत अन्य चीजें बरामद की गई हैं।
