जिला अस्पताल में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैबोरेट्री (आईपीएचएल) में सीएचसी-पीएचसी से रोगियों की जांच के सैंपल आना शुरू नहीं हुआ है। यह हालात तब है जबकि सीएमओ ने जल्द ही जांच के सैंपल आना शुरू करने का आश्वासन दिया था।
सीएचसी-पीएचसी पर रोगियों की सामान्य जांच सीबीसी, केएफटी, एलएफटी, हीमोग्लोबिन आदि हो जाती है। विशिष्ट जांच इम्युनोलॉजी, बायो कैमिकल, स्टूल, हार्मोन, एफएनएसी जांच के लिए रोगी को जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज या निजी पैथोलॉजी सेंटर जाना पड़ता है। इस समस्या का निदान करने के लिए शासन ने जिला अस्पताल की लैब को आईपीएचएल बनवाया है, जो करीब एक माह पहले चालू हो चुकी है। हैरानी तो यह है कि इस लैब को अभी तक सीएचसी व पीएचसी लैब से जोड़ा नहीं गया है। यही नहीं, सीएचसी-पीएचसी के कर्मियों को उक्त जांच का सैंपल लेने की ट्रेनिंग नहीं दी गई है। इससे व्यवस्था जस की तह है और देहात के लोगों को विशिष्ट जांच के लिए लंबी दूरी तय करके आना पड़ रहा है। यह हालात तब है जबकि विगत दिनों सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही सीएचसी-पीएचसी से सैंपल जिला अस्पताल की लैब भेजना शुरू कर दिया जाएगा।
