सड़क किनारे खड़ी कार का अचानक दरवाजा खोलने से पीछे से आ रहे बाइक सवार की टकराकर मौत हो गई। हादसा 10 जून को आयकर भवन रोड से स्टेशन जाते समय हुआ। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने कार मालिक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के महोबियापुरा मोहल्ला पुलिया नंबर नौ निवासी रुबीना बानो ने नवाबाद थाने में शिकायत की है कि उसके पति सोहेल मंसूरी एक फूड कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करते थे। 10 जून की दोपहर वह बाइक से खाने की डिलीवरी देने के लिए स्टेशन रोड की ओर जा रहे थे। आयकर भवन के पास सड़क किनारे खड़ी कार में बैठे व्यक्ति ने अचानक से दरवाजा खोल दिया। इससे उसके पति की बाइक कार के गेट से टकराकर गई। हेलमेट लगाए होने के बावजूद उनके सिर में चोट आने से वह गंभीर घायल हो गए। देवर साजिद मंसूरी उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टर ने सोहेल को मृत घोषित कर दिया। रुबीना ने पुलिस को बताया कि उक्त कार ललितपुर के तालबेहट निवासी शहनशाह के नाम पर है। पुलिस ने रुबीना की तहरीर पर मामला दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
