झांसी-शिवपुरी-कानपुर बाईपास पर पाल कॉलोनी के समीप चल रहे टनल और फ्लाईओवर निर्माण कार्य दिसंबर अंत तक पूरा होने की संभावना है। नए साल से वाहनों का आवागमन शुरू होने की उम्मीद है। करीब 146 करोड़ की लागत से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा कराया जा रहा निर्माण कार्य करीब 90 प्रतिशत पूरा हो गया है। लाइटें लग चुकी हैं, लेकिन अभी चालू नहीं हुई हैं। फ्लाईओवर पर लगाई गई छतरी पर सीट, ओवरलेन के साथ फिनिशिंग का काम चल रहा है।
पाल कॉलोनी के समीप शिवानी तिराहे के पास झांसी-शिवपुरी-कानपुर बाईपास पर जाम की समस्या से वाहन चालक परेशान होते हैं। घंटों जाम लगने से परेशान वाहन चालकों की समस्या को देखते हुए एनएचएआई ने थ्री लेवल सड़क प्रोजेक्ट निर्माण की रूपरेखा तय करते हुए उक्त परियोजना पर काम शुरू कराया। शुरुआती दौर में निर्माण कार्य के दौरान सर्विस रोड न बनने से वाहनों के लंबे जाम के साथ स्थानीय मकानों से निकलने वाले पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से समस्या खड़ी हो गई।
लगातार शिकायतों के बाद परियोजना निदेशक मनोज कुमार ने कार्यभार संभाला। नए अधिकारी ने पिछले दिनों सर्विस रोड और ड्रेन के लिए बाहर से मशीनों को बुलाकर कार्य पूरा कराया गया। स्थानीय लोगों और वाहनों के जाम की समस्या के निस्तारण के बाद तेजी से शुरू हुए काम के दौरान टनल का काम पूरा कर फ्लाईओवर के लिए गार्डर आदि चढ़ाने काम पूरा कराया गया। धनुष आकार में तैयार हो रहे फ्लाईओवर पर अब छतरी पर सीट लगाने के साथ टनल में लाइटिंग कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। फिनिशिंग के साथ अन्य कार्य दिसंबर अंत तक पूरा होने का दावा किया जा रहा है। दिसंबर अंत तक कार्य पूर्ण होता है, तो नए साल में वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।
मेडिकल बाईपास फ्लाईओवर भी 85 फीसदी बनकर तैयार
झांसी-कानपुर हाईवे मेडिकल तिराहे पर करीब 960 मीटर लंबे फ्लाईओवर निर्माण का कार्य करीब 85 फीसदी पूरा हो गया है। इसके निर्माण से कोछाभांवर और मेडिकल बाईपास पर लगने वाले वाहनों के जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। साथ ही जब सिक्स लेन निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी तो उक्त फ्लाईओवर से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। अफसरों की मानें को झांसी-शिवपुरी-कानपुर बाईपास पर टनल और फ्लाईओवर के साथ ही मेडिकल बाईपास फ्लाईओवर निर्माण कार्य दिसंबर अंत तक होने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह बोले परियोजना निदेशक
पाल कॉलोनी शिवानी तिराहे पर टनल और फ्लाईओवर निर्माण कार्य करीब 90 फीसदी पूरा हो गया है। फिनिशिंग के साथ अन्य अन्य छोटे कार्य पूर्ण करा लिए जाएंगे। साथ ही मेडिकल तिराहे पर फ्लाईओवर का निर्माण भी 85 प्रतिशत से अधिक हो गया है। दोनों कार्य में अब छोटे-मोटे व फिनिशिंग आदि का कार्य शेष है। लगातार दोनों निर्माण की प्रगति की समीक्षा की जा रही है। दिसंबर में दोनों परियोजना पूर्ण हो जाएंगी। -मनोज कुमार, परियोजना निदेशक एनएचएआई, झांसी
