कोतवाली के पास ब्लॉक जाने वाले मार्ग पर पेयजल पाइपलाइन में लंबे समय से हो रहे रिसाव के कारण सड़क धंस गई है। सड़क के बीचोंबीच गहरा गड्ढा बनने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है। मार्ग के पास विद्यालय होने से स्कूली बच्चों और बाइक सवारों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीण आलोक कुमार, जगमोहन, प्रदीप कुमार, रूपेश कुमार समेत अन्य लोगों ने बताया कि ब्लॉक परिसर में जल संस्थान की पानी की टंकी स्थित है। पिछले माह जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाई गई थी। पाइपलाइन से कई दिनों से लगातार पानी रिस रहा था, जिससे सड़क के नीचे की मिट्टी कमजोर हो गई। मंगलवार को अचानक सड़क धंस गई और बीच मार्ग पर गहरा गड्ढा बन गया। जिस वजह से दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। वहीं, प्रतिदिन विद्यालय आने-जाने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में भी चिंता बनी हुई है। उनका आरोप है कि पाइपलाइन से लंबे समय तक रिसाव होने के बावजूद संबंधित विभाग ने समय रहते न तो उसकी मरम्मत कराई और न ही सड़क की स्थिति पर ध्यान दिया। इससे लाखों लीटर पेयजल भी व्यर्थ बह गया।
सड़क धंसने के बाद भी मौके पर न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गड्ढे की तत्काल बैरिकेडिंग कराने, पाइपलाइन और सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
