बबीना क्षेत्र में बुध बाजार के पास स्थित बिजली के खंभे में करंट उतरने से गाय उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मामले को लेकर पहले ही विभाग से शिकायत की गई थी लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। समय रहते यदि कार्रवाई की गई होती तो बेजुबान जानवर की मौत न होती।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही खंभे की मरम्मत नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने विभाग से तत्काल करंटयुक्त खंभे को सुरक्षित कराने, पूरे क्षेत्र में बिजली के खंभों की जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग करंट वाले खंभे से दूर रहने की अपील कर रहे हैं।
