मौसेरे भाई की बर्थ-डे पार्टी मनाने आई तीन माह की गर्भवती महिला पलक तोमर (24) को परशुराम चौक के पास तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया था। नाजुक हाल देख उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। यहां बुधवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में तेज रफ्तार वाहन ने ग्यारह लोगों को कुचला था। इनमें एक ही हालत अभी भी नाजुक है।
पलक रक्षाबंधन पर भाइयोें को राखी बांधने कचहरी चौराहा स्थित शिक्षा भवन के पास स्थित मायके आई थी। पिता सुदामा सिंह तोमर नोएडा में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। परिजनों के मुताबिक 31 अगस्त को मौसेरे भाई प्रियांशु का जन्मदिन मनाने के लिए परिवार के सदस्यों के साथ वह इलाइट चौराहा के पास स्थित जेनेक्स रेस्तरां गई थी। खाना खाने के बाद सभी लोग आइसक्रीम खाने के लिए सड़क के किनारे लगे रेहड़ी पर पहुंचे। उसी दौरान सीपारी बाजार की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने वहां खड़े सभी लोगों को चपेट में लेते हुए बुरी तरह से कुचल दिया था। हादसे में पलक, उसकी मां अरुणा, भाई नितिन, प्रियांशु, चाचा पवन, चाची सपना, बुआ मंजू, ऊषा, रेहड़ी संचालक अर्जुन समेत 11 घायल हो गए। हादसे की सूचना पर नवाबाद पुलिस पहुंच गई। पलक समेत सभी घायलों को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। पलक की हालत नाजुक होने पर उसे देर-रात ग्वालियर रेफर कर दिया गया था। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अन्य घायल मेडिकल अस्पताल में भर्ती हैं। उसके चाचा पवन की हालत अभी नाजुक बताई जा रही है। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव का कहना है कि आरोपी कार चालक चिरगांव निवासी शिवान को मौके पर ही कार समेत पकड़ लिया गया था। महिला की मौत के बाद उसके खिलाफ धाराएं बढाई जाएंगी।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
पलक की शादी डेढ़ साल पहले ललितपुर के तालबेहट के सिनौरी गांव निवासी विक्रांत सिंह बघेल से हुई थी। विक्रांत भी नोएडा स्थित एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता है। हादसे की खबर लगते ही वह लोग भी रात में ही झांसी पहुंच गए थे। पलक की मौत के बाद से परिवार मेें रोना-पिटना मचा है।
