बबीना थाना क्षेत्र स्थित पंजाबी कॉलोनी में बने ठाकुर बाबा मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर की दानपेटी, ठाकुर बाबा का चांदी का मुकुट तथा शिवजी पर चढ़ा तांबे का नाग चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपियों के तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।



मंदिर के पुजारी महेंद्र यादव ने बताया कि जब वह सुबह मंदिर पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था और दानपेटी गायब थी। उन्होंने बताया कि दानपेटी में करीब 10 से 15 हजार रुपये थे। इसके अलावा मंदिर में रखी आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखा ठाकुर बाबा का चांदी का मुकुट भी चोर अपने साथ ले गए। वहीं शिवलिंग पर चढ़ा तांबे का नाग भी चोरी कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में एकत्र हो गई। लोगों ने पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है। धार्मिक स्थल पर हुई चोरी की घटना से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। मामले की सूचना मिलते ही बाबीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी विनय कुमार साहू ने बताया कि चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *