अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के लाइब्रेरी साइंस के प्रो. मासूम रजा के साथ निवेश के नाम पर एक करोड़ रुपये की ठगी की घटना को अंजाम दिया गया है। एएमयू के ही पूर्व शोध छात्र जुनैद अहमद पर निवेश के नाम पर करीब एक करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने इस संबंध में एंटी फ्रॉड सेल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज की गई है।
न्यू सर सैयद कॉलोनी निवासी प्रो. मासूम राजा की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार आरोपी जुनैद अहमद ने वर्ष 2019 में एएमयू से पीएचडी की डिग्री प्राप्त की थी। आरोप है कि जुनैद ने खुद को कई व्यापारिक संस्थाओं जैसे साईना इनवेस्टमेंट, साईना होलीडेस और सेहला फार्मा का संचालक बताकर पीड़ित को निवेश के लिए प्रेरित किया. उसने निवेश के बदले भारी मुनाफे का लालच दिया था।
पीड़ित का दावा है कि उसने पिछले तीन वर्षों के दौरान जुनैद को कुल 75 लाख रुपये चेक और सीधे लेनदेन के जरिए और 25 लाख रुपये नकद दिए। इस प्रकार कुल एक करोड़ रुपये की राशि आरोपी को सौंपी गई, जिसका विवरण बैंक मैनेजर को भी उपलब्ध करा दिया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि रुपये हड़पने के बाद आरोपी ने अचानक संचार के सभी माध्यम बंद कर दिए और अलीगढ़ छोड़कर फरार हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जुनैद का उद्देश्य शुरू से ही धोखाधड़ी करना और पैसे वापस न करना था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपी के भाई एएमयू के हड्डी रोग विभाग में सहायक प्रोफेसर हैं। इनके परिवार के लोग अस्पताल भी चला रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस से इस वित्तीय धोखाधड़ी की गहन छानबीन करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की अपील की। जिसके बाद पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
