रानीपुर क्षेत्र में श्री जानराय मंदिर के पास सुखनई नदी पर बने चेकडैम के ऊपर से बह रही तेज धार में एक युवक बह गया। तमाम खोजबीन के बाद युवक का पता नहीं चल सका। सूचना पाकर मौके पर पुलिस बल जा पहुंचा तथा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी किया गया।

लगातार हो रही बारिश से सुखनई नदी उफान पर है। यहां मौजूद लोगों ने बताया कि सुखनई नदी के उस पार धार्मिक स्थल है, इस कारण चैकडैम से होकर जाने वाले रास्ते से रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं। श्रद्धालुओं ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे यहां खड़ा मुहल्ला लाडगंज निवासी 25 वर्षीय राजेंद्र नदी की तेज धारा में नहाने उतर गया। वह नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। वह चेकडैम के बीचों-बीच जाने का प्रयास करने लगा। चेकडैम के ऊपर से बह रही तेज धार में उसने संतुलन खो दिया। वह चेकडैम के नीचे गिरकर काफी दूर तक बह गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने उसे बहते देखा पर बचा नहीं पाए। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों लोग चेकडैम किनारे जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सोलंकी, चौकी प्रभारी कुलदीप पंवार ने बताया कि बाढ़ राहत दल को सूचना दी गई।

खनन से नदी में हुए गड्ढे बने जानलेवा

लोगों का मानना है कि बालू खनन से नदी में गहरे गड्ढे हो गए हैं। ये गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। आशंका है कि युवक किसी बड़े गड्ढे में फंस गया है। गत वर्ष भी लुहरगांव घाट नदी से एक युवक लापता हो गया था। इतने हादसों के बाद भी प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। राहत दल युवक की तलाश में जुटा हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *