थाना सकरार इलाके में तालाब में डूब जाने से एक युवक की मौत हो गई। एक ने तैरकर अपनी जान बचा ली। बताया जा रहा है कि हादसा बीच तालाब में नाव में सेल्फी लेने के दौरान हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
रानीपुर निवासी युवक विकासखण्ड बंगरा के ग्राम मगरपुर में अपने मामा के घर आया था। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात में वह अपने रिश्ते में लगने वाले भाई के साथ तालाब पर गया था। दोनों युवक नाव में सवार होकर बीच तालाब में पहुंच गए। यहां सेल्फी लेते समय अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। जिससे नाव पर सवार दोनों युवक गहरे पानी में गिर गये। हालांकि एक युवक ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली। परंतु दूसरा युवक गहरे पानी में समा गया। जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग व पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात्रि से सुबह तक गोताखोरों की तलाश के बाद युवक के शव को बाहर निकाल लिया गया है।
