झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के उनाव गेट बाहर स्थित पीतांबरा नगर निवासी रुचि वर्मा के बंद मकान को निशाना बनाते हुए चोर ने जेवरात, नकदी समेत इलेक्ट्राॅनिक उपकरण उड़ा दिए। घर के गेट से अंदर घुसे चोर ने पहले छत की जाली तोड़ी, उसके सहारे ही वह कमरे के अंदर घुसा। यहां अंदर रखी अलमारी का लॉक तोड़कर सारा सामान निकाल लिया।

घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध युवक अंदर जाता दिखा। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके बदमाश की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है।

भवन स्वामी रुचि वर्मा ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात वह घर पर नहीं थीं। उनके घर में ताला बंद था। उसी दौरान चोर घर के अंदर घुसे। छत की जाली टूटी हुई है। आशंका जताई जा रही कि इसके रास्ते ही चोर ने कमरे के भीतर प्रवेश किया। रुचि ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7:45 बजे घर पहुंचने पर अंदर कमरे का पूरा सामान नीचे बिखरा पड़ा हुआ था। अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। आलमारी में रखी नकदी, जेवरात समेत चार चांदी के सिक्के, सोनाटा की कलाई घड़ी, आईफोन का चार्जर आदि गायब मिला। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में रात करीब 11:55 बजे एक युवक मुख्य गेट से अंदर जाता दिखाई दे रहा है। कोतवाल अंजन कुमार सिंह के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करके फुटेज खंगाली जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें