झांसी। स्कूल-कॉलेजों में सामान्य और अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। इस बीच समाज कल्याण विभाग के पोर्टल पर कई बैंकों की शाखाएं प्रदर्शित नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे वे छात्रवृत्ति के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कॉलेज प्रबंधन की ओर से समस्या की जानकारी मिलने पर उसका समाधान कराया जा रहा है। इससे पहले भी विद्यार्थियों को बैंक शाखाएं पोर्टल पर नहीं दिखने की समस्या आई थी। शिकायतें मिलने पर समाज कल्याण विभाग ने बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखाएं प्रदर्शित नहीं होने की समस्या के समाधान के लिए मुख्यालय को पत्र भेजा था। इसके बाद कुछ शिकायतों का निस्तारण कराया गया, लेकिन अब भी कई विद्यार्थियों को आवेदन भरते समय बैंक शाखाएं नहीं दिख रही हैं।

एसआरजीआई के विद्यार्थियों उत्कर्ष, साहिल, हार्दिक वर्मा और नितिन ने बताया कि आवेदन करते समय उनके बैंक की शाखाएं पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रही हैं। इससे आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने में दिक्कत आ रही है। विद्यार्थियों को आशंका है कि समय रहते समस्या दूर नहीं हुई तो वे निर्धारित तिथि तक आवेदन नहीं कर पाएंगे।

—————–

पूर्व में जिन विद्यार्थियों को समस्याएं आई थीं, उनका समाधान करा दिया गया है। यदि किसी आवेदक को अब भी परेशानी हो रही है तो वह अपने कॉलेज प्रबंधन के माध्यम से इसकी जानकारी दे। समस्या का तत्काल समाधान कराया जाएगा। – ललिता यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें