झांसी/मोंठ। फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने वाले ईरानी गैंग से जुड़े शातिर बदमाश को मोंठ पुलिस ने शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सोने की चेन, अंगूठी, दो मोबाइल फोन समेत बैंक खाते में 3.28 लाख रुपये मिले। पुलिस ने यह धनराशि भी फ्रीज करा दी।
9 अगस्त को मोंठ के स्टेशन रोड स्थित गल्ला मंडी के सामने इंदिरा चौराहा निवासी रामकिशोर पाठक से सोने की चेन समेत तीन अंगूठियां पुलिस चेकिंग के नाम पर दो युवकों ने झांसा देकर ले ली थी। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। सीओ मोंठ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि छानबीन में ईंरानी गैंग का नाम सामने आया। गिरोह के सदस्यों को तलाशने के दौरान शनिवार रात पुलिस को एक बदमाश के भांडेर रोड रेलवे ब्रिज के नीचे मौजूद होने का पता चला। पुलिस ने शहडोल निवासी तौहीद अली को यहां से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी तौहीद ने बताया कि भोपाल के ईरानी गैंग के साथ वह बुजुर्गों की रेकी करता था। इसके बाद पुलिस, जीएसटी, सीबीआई अफसर बनकर उनको रोकता था। गंभीर घटना का हवाला देकर चेकिंग और तलाशी के बहाने जेवर पर हाथ साफ कर देता था। आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, यहां से उसे जेल भेज दिया गया।
