पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। परमट घाट पर सीढि़यों की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। गंगा में स्नान करने वालों की पुलिस निगरानी कर रही है। इसके अलावा गंगा बैराज से कटरी की ओर जाने वाले रास्ते में पड़ने वाले कल्लूपुरवा घाट पर भी पुलिस ने चेतावनी बोर्ड लगाया है। बोर्ड के माध्यम से लोगों से गंगा में नहाने और नदी के पास न जाने की अपील की है। बोटिंग पर भी रोक लगा दी गई है।
शुक्लागंज में पांच दिन में गंगा का जलस्तर 26 सेंटीमीटर बढ़ गया है। 19 अगस्त को जलस्तर 112.18 मीटर था जो रविवार को बढ़कर 112.44 मीटर पहुंच गया। यह चेतावनी बिंदु 113 मीटर से महज 56 सेंटीमीटर नीचे है। वहीं, खतरे का निशान 114 मीटर है। गंगा में बोटिंग पर रोक लगा दी गई है। गंगा बैराज से रविवार को 5,44,373 क्यूसेक पानी प्रयागराज की ओर छोड़ा गया। यहां अपस्ट्रीम में जलस्तर 113.83 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 113.68 मीटर दर्ज किया गया।
यहां चेतावनी बिंदु 114 मीटर है। अपस्ट्रीम में पानी चेतावनी बिंदु से सिर्फ 17 सेंटीमीटर और डाउनस्ट्रीम से 32 सेंटीमीटर नीचे है। इधर, गंगा का जलस्तर बढ़ने से शहर के कई घाटों की सीढि़यां डूब गई हैं। तेज बहाव को देखते हुए घाटों पर स्नान और बोटिंग पर रोक लगा दी गई है। पुलिस ने घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ चेतावनी बोर्ड लगाए हैं।
