– डेढ़ वर्ष बाद भी गांव-गांव नहीं पहुंच सकी मेडिकल यूनिट

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। स्वास्थ्य विभाग ने आकांक्षात्मक ब्लॉक मड़ावरा क्षेत्र के गांव-गांव अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की थी, इसके लिए एक कंपनी से अनुबंध किया गया था। इसमें नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट का मार्च 2025 में संचालन शुरू होना था। लेकिन डेढ़ वर्ष बाद भी संचालन नहीं हो सका है। ऐसे में लोगों को उपचार के लिए सीएचसी व अन्य अस्पतालों की ओर रुख करना पड़ रहा है।

जिले का ब्लॉक मड़ावरा आकांक्षात्मक ब्लॉक हैं। यहां पर कई क्षेत्र अब भी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित बने हुए हैं। ऐसे में कई मरीज परेशान होकर झोलाछाप तक से इलाज कराने को मजबूर हो जाते हैं। इसके चलते कई बार हालत बिगड़ तक जाती है। स्वास्थ्य विभाग ने गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट वैन चलाने का प्रस्ताव रखा था। इसके लिए फरवरी 2025 में एक कंपनी से अनुबंध किया था। इसमें पांच नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट चलाई जाना थीं। प्रत्येक वैन में एक एमबीबीएस चिकित्सक, लैब टेक्नीशियन और स्टाफ नर्स को नियुक्त किया जाना था। इसमें पैथोलॉजी की सुविधा भी की गई थी, जिससे लोगों को जांच के बाद उपचार मिल सके। लेकिन, ड़ेढ वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी अब तक नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट का संचालन धरातल पर नहीं हो सका है।

—–

यह है ब्लॉक की स्थिति एक नजर में

– ब्लॉक की आबादी – 1.73 लाख

– ग्राम पंचायत – 65

– सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र- 01

– न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र – 04

—–

आकांक्षात्मक ब्लॉक मड़ावरा में स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट का संचालन के लिए प्रयास किया जा रहा है। इनके चलने से ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

– डॉ. वीरेंद्र सिंह, सीएमओ



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *