झांसी। शादी के बाद पहला करवा चौथ मनाने जा रहीं शहर की नवविवाहिताओं में खासा उत्साह है। इस दिन को यादगार बनाने के लिए कोई साज-सज्जा की तैयारी में जुटी है, तो किसी को पति से मिलने वाले उपहार का इंतजार है। किसी ने इस खास मौके पर शादी का जोड़ा पहनने की योजना बनाई है, तो किसी के लिए खुशी दोगुनी है, क्योंकि उनके पति भी साथ में व्रत रखेंगे। पहली बार इस परंपरा का हिस्सा बनने को लेकर सभी की अपनी-अपनी तैयारियां और उत्सुकताएं हैं।

पहली बार खुद रखेंगी व्रत, मायके से आया सामान

वर्षा शादी के बाद पहली बार करवा चौथ का व्रत रखेंगी। उन्हें उत्सुकता है कि पूरे दिन बिना भोजन और पानी के व्रत कैसे रखेंगी। वर्षा बताती हैं कि अब तक वह अपनी भाभी को व्रत रखते हुए देखती थीं, लेकिन इस बार खुद व्रत रखने की बारी है। उनके मायके से साड़ी, गहने और व्रत से जुड़ा अन्य सामान भी आ चुका है।

शादी का जोड़ा पहनकर सजेंगी पूजा

पूजा भी अपने पहले करवा चौथ को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने इस दिन पार्लर में तैयार होने और शादी का जोड़ा पहनने की योजना बनाई है। उन्हें सबसे ज्यादा इंतजार पति से मिलने वाले उपहार का है। पूजा बताती हैं कि उनके ससुराल में करवा चौथ मनाने की परंपरा नहीं है। ऐसे में वह यह पर्व मनाने के लिए मायके आई हैं।

पति भी रखेंगे व्रत, साथ निभाने की तैयारी

जया की शादी को सात महीने हो चुके हैं। पहले करवा चौथ के लिए उन्होंने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पति के लिए कपड़े और सोने की अंगूठी खरीदी है, जबकि पूजा का सामान ऑनलाइन मंगवाया है। इस खास दिन पर सजने-संवरने के लिए वह सैलून भी जाएंगी। जया के लिए सबसे खास बात यह है कि उनके पति भी उनके साथ करवा चौथ का व्रत रखेंगे।

सास ने बढ़ाया हौसला, उत्साह से करेंगी व्रत

पहला करवा चौथ रखने को लेकर काजल यादव के मन में शुरुआत में थोड़ी झिझक थी। उन्हें चिंता थी कि निर्जला व्रत कैसे रख पाएंगी। काजल बताती हैं कि उनकी सास ने उन्हें समझाया कि व्रत से पहले तड़के कुछ खा-पी सकती हैं। इससे उन्हें राहत मिली और व्रत रखने का हौसला बढ़ा। अब वह उत्साह के साथ अपने पहले करवा चौथ की तैयारी कर रही हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें