जनसुनवाई में शिकायत पर डीएम ने नपा ईओ से जताई नाराजगी, शासनादेश के तहत आउटसोर्सिंग पर नियुक्ति के आदेश

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। पति की मौत के बाद पांच माह से आउटसोर्सिंग पर नियुक्ति के लिए भटक रही नगर पालिका कर्मचारी की पत्नी की शिकायत पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने नाराजगी जताई। बृहस्पतिवार को जनसुनवाई के दौरान मामला सामने आने पर उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को तत्काल कार्रवाई करते हुए मौजूदा शासनादेश के तहत महिला को आउटसोर्सिंग पर नियुक्ति देने के निर्देश दिए।

शहर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी विनीता ने जनसुनवाई में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पति अमरदीप नगर पालिका में संविदा सफाईकर्मी के पद पर तैनात थे। अप्रैल में उनका निधन हो गया था। पति की मृत्यु के करीब पांच माह बीत जाने के बाद भी उन्हें आउटसोर्सिंग पर नियुक्ति नहीं मिल सकी है।

मामला सामने आने पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से फोन पर बात कर नाराजगी जताई। उन्होंने शासनादेश के तहत विनीता को बिना देरी किए आउटसोर्सिंग पर नियुक्ति देने के निर्देश दिए।

—————————————

भूमि कंप्यूटर पर दर्ज कराने के निर्देश

तहसील तालबेहट के ग्राम टोड़ी निवासी भानसिंह ने भूमि भूलेख में दर्ज न होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को मामले का स्वयं संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करने और भूमि को कंप्यूटर पर दर्ज कराने के निर्देश दिए।जनसुनवाई में चकबंदी, पैमाइश, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, विद्युत आपूर्ति, जल जीवन मिशन के तहत रेस्टोरेशन और राशन कार्ड से संबंधित शिकायतें भी आईं। जिलाधिकारी ने अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। शेष मामलों में समय-सीमा निर्धारित कर गुणवत्तापूर्ण समाधान की आख्या प्रस्तुत करने को कहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें