झांसी। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति से जुड़ी हर जानकारी अब लोगों को उनके मोबाइल फोन पर ही मिल जाया करेगी। इसके लिए ‘जल प्रहरी’ एप बना है। इसके माध्यम से लोग अपने-अपने क्षेत्र में पानी की आपूर्ति समेत कितनी देर या कितनी मात्रा में पानी मिलने की व्यवस्था है, इसका आसानी से पता लगा सकेंगे। पानी न मिलने की शिकायत भी वहां कर सकेंगे।
जल जीवन मिशन के तहत जनपद के 613 गांवों में हर घर में नल से पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया। जल निगम अफसरों के दावे के मुताबिक 385 गांवों में घरों तक पानी पहुंचाने का काम शुरू हो गया, जबकि 228 गांवों में भी यह काम अंतिम पड़ाव पर है। नवंबर तक सभी 613 गांवों के हर घर में पानी पहुंचने की उम्मीद है।
जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता एमके सिंह के मुताबिक इस योजना के तहत जलापूर्ति की निगरानी के लिए डिजिटल माध्यम विकसित किया गया है। इस एप को कोई भी व्यक्ति डाउनलोड करके किसी भी गांव में पहुंचने वाले पानी का पता लगा सकता है। एप में हर गांव तक बिछी पाइप लाइन, मोटर, पंप हाउस, टंकी में मौजूद पानी की मात्रा का भी पता लगा सकेंगे। वहीं, आपूर्ति प्रभावित होने की दशा में भी उनको आसानी से इसका पता चल सकेगा। एप के जरिये ही वह अपनी शिकायतें भी दर्ज करा सकेंगे। उनको इसके लिए जगह-जगह चक्कर भी नहीं काटने होंगे। एप के डैश बोर्ड में ही ब्लॉक स्तर के सभी अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी दिए गए हैं, जिनसे वह आसानी से संपर्क कर सकेंगे।
एप से मिल सकेंगी ये अहम जानकारियां
-किस गांव या क्षेत्र में पानी कब आएगा।
-गांव को कितना पानी दिया जा रहा है।
-किस दिन अथवा समय पर आपूर्ति नहीं होगी
-जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े अवर अभियंता और सहायक अभियंता के नाम एवं मोबाइल नंबर
-पानी की आपूर्ति प्रभावित होने पर संपर्क की सुविधा
