झांसी। फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने के मामले की जांच एडी हेल्थ व सीएमओ के आदेश पर पांच दिन भी शुरू नहीं हुई है। जांच टीम भी गठित नहीं की गई है। जिला अस्पताल के रक्त केंद्र प्रभारी डॉ. सुशील कुमार गुप्ता (डॉ. एसके गुप्ता) ने खुलासा किया कि उनके नाम से फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट बन रहे हैं। यही नहीं, उनके नाम की फर्जी मुहरें लगाई जा रही हैं, जिनमें अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर हैं। उन्होंने डीएम और एसएसपी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि इस काम में डॉ. सूर्यकांत गुप्ता (डॉ. एसके गुप्ता) मेडिकल ऑफिसर पुलिस लाइन लिप्त हैं।
मामला सामने आने पर एडी हेल्थ डॉ. एसके सोनी ने सात अगस्त को सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी को जांच रिपोर्ट देने के आदेश दिए। सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ डॉ. रवि शंकर को जांच सौंप दी, लेकिन बुधवार तक जांच टीम तक गठित नहीं की गई है। जांच अधिकारी डॉ. रविशंकर का कहना है कि जल्द टीम गठित करके जांच शुरू कर दी जाएगी। वहीं, सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी का कहना है कि तीन-चार दिन में पूरी जांच रिपोर्ट एडी हेल्थ को भेज देंगे।
