झांसी। महानगर में शुक्रवार को एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से कई मोहल्लों में नाले-नालियां उफना गए। सड़कें जलमग्न हो गईं। ऐसे में कई लोगों के घरों तक में पानी घुस गया। इसे निकालने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दिनभर में 27 मिलीमीटर वर्षा हुई।

बंगाल की खाड़ी में हवाओं के निम्न दाब का क्षेत्र बनने से मानसून फिर सक्रिय हो गया है। इसके चलते बृहस्पतिवार को दिन में कई बार रिमझिम बारिश हुई। फिर रात में भी झमाझम पानी गिरा। शुक्रवार को सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी हुई थी। शाम पौने चार बजे के आसपास आसमान में घने काले बादल छा गए। चार बजते-बजते झमाझम बारिश होने लगी। करीब एक घंटे तक तेज हवा चलने के साथ ही झमाझम बारिश हुई। इससे मौसम खुशगवार हो गया। फिर शाम से साढ़े पांच बजे तक भी रिमझिम बारिश होती रही। बारिश के दौरान महानगर के कई मुख्य मार्ग से लेकर गलियां तक जलमग्न हो गईं।

वार्ड 33 के पार्षद राहुल कुशवाहा ने बताया कि देवलाल चौबे का अखाड़ा, लक्ष्मीपुरम कॉलोनी, गल्ला मंडी रोड समेत कई जगहों पर जलभराव हुआ। लक्ष्मीपुरम कॉलोनी में लोगों के घरों तक में पानी भर गया। वार्ड 36 के पार्षद उमेश जोशी का कहना है कि कालीबाड़ी मंदिर के पास और सीपरी डाकघर के नजदीक जलभराव हुआ। वार्ड 39 की पार्षद राजेश्वरी तिवारी ने बताया कि पठौरिया, डीएवी स्कूल, शीतल कॉलोनी, थापकबाग के पास जलभराव हुआ। कहा कि ग्वालियर रोड से थापकबाग तक बन रहा नाला सड़क से ऊंचा है। इसके अलावा नाले पर सीसी स्लैब के बीच में कहीं पर भी लोहे का जाल नहीं लगाया गया है। ऐसे में नाले के अंदर पानी नहीं जा पा रहा है। यह भी जलभराव का कारण है। वहीं, नगर निगम के मुख्य अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि जलभराव होने पर कहीं से भी पानी निकालने के लिए फोन नहीं आया। बारिश के दौरान कुछ देर तक पानी भरने के बाद निकल गया। 25 अगस्त तक हल्की बारिश के आसार

कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को दिन का तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 0.4 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम पारा 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 1.9 डिग्री ज्यादा है। दिन भर में 27 मिलीमीटर बारिश हुई है। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

जर्जर सड़क के चलते पलट गया लोडर

थापकबाग के पास शुक्रवार को सामान से भरा एक लोडर पलट गया। यह सड़क काफी जर्जर हो चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। गनीमत रही कि लोडर की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया। वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

अब तक सामान्य से 39 फीसदी कम वर्षा

एक जून से 21 अगस्त तक जनपद की सामान्य वर्षा 514.1 मिलीमीटर है। इसके सापेक्ष अब तक 313.2 मिलीमीटर ही पानी गिरा है, जो कि सामान्य से 39 फीसदी कम है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *