झांसी। पिछले कुछ दिनों से झांसी में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। ऐसे में 10 दिन में 120 मिलीमीटर बरसात हुई है, जो पिछले ढाई महीने में हुई कुल बारिश का 50 फीसदी है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
झांसी में इस साल मानसून ने दस्तक जुलाई में दी। इससे पहले जून में बीच-बीच में छुटपुट वर्षा होती रही। मानसून की एंट्री के बाद शुरुआत में कुछ दिन छोड़ दें तो झांसी में झमाझम बारिश का इंतजार रहा। एक जून से 14 अगस्त तक जनपद में 219.6 मिलीमीटर वर्षा हुई थी, जो कि सामान्य से 52 फीसदी कम थी। फिर 15 से 24 अगस्त तक जिले में 340.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो कि सामान्य से 36 प्रतिशत कम है। यानी कि 14 अगस्त तक हुई कुल बारिश का 55 फीसदी पानी पिछले 10 दिनों में गिरा है। रविवार देर रात से सोमवार सुबह सात बजे तक झांसी में रिमझिम पानी गिरता रहा। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह का कहना है कि सोमवार को करीब आठ मिलीमीटर वर्षा हुई है। अब मंगलवार को भी तेज बारिश के आसार हैं। इसके बाद भी आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
दिन के पारे में 2.7 डिग्री की आई गिरावट
सोमवार को दिन का तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम पारा 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। रविवार की तुलना में अधिकतम तापमान में 2.7 डिग्री और न्यूनतम पारा में 0.4 डिग्री की गिरावट आई है।
