अमेरिका में रह रहे एनआरआई के बुजुर्ग माता-पिता को चाबी बनाने वाले भाइयों ने अपना निशाना बना लिया। अलमारी के लॉकर से करीब 80 हजार रुपये की नकदी और सोने के जेवर चोरी कर ले गए। गोविंदनगर के 11 ब्लॉक में रहने वाले अशोक अरोड़ा पहले ढाबा चलाते थे। बेटे के अमेरिका में बस जाने के बाद उन्होंने ढाबा बंद कर दिया और पत्नी के साथ रहते हैं।
रविवार को पार्क के गेट की चाबी बनवाने के लिए उन्होंने एक चाबी बनाने वाले को बुलाया था। वह अपने भाई के साथ आया और घंटों चाबी बनाने का बहाना करता रहा। इसी दौरान उसने गोदरेज की चाबी मांगी और चोरी कर ली। मंगलवार को जब अशोक अरोड़ा ने अलमारी खोली तो लॉकर से करीब 80 हजार रुपये, पांच सोने की अंगूठियां और एक सोने की चेन गायब मिली। गोविंदनगर थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
