हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के बख्तौरीपुरवा में शातिर चोरों ने सेवानिवृत्त पीएसी जवान के घर से नकदी समेत करीब 21 लाख का माल पार कर दिया। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरु की। पुलिस को घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध नजर आए हैं। बख्तौरीपुरवा निवासी फूल सिंह पीएसी से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि मकान के पीछे स्थित प्लाॅट में पशु बांधते हैं।
उनकी देखरेख के लिए बहू रात में वहां गई थी। मुख्य गेट पर ताला लगा था। सुबह करीब छह बजे लौटने पर उसे मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर लकड़ी का दरवाजा भी टूटा पड़ा था जबकि कमरों में रखा सारा सामान बिखरा हुआ था। चोर कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे नकदी और गहने उठा ले गए। अलमारी के लाॅकर में उनकी पत्नी कलावती, बड़ी बहू पिंकी, छोटी बहू ममता और बेटी ममता के करीब 19.50 लाख रुपये के गहने और 1.20 लाख रुपये रखे थे।
