मूसानगर थाना क्षेत्र के हलिया घाट मोड़ के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार डंपर ने बुलेट सवारों को टक्कर मार दी। सामने से टक्कर के बाद बुलेट सवार डंपर में फंस गए। चालक ने डंपर लेकर भागने का प्रयास किया तो करीब दो सौ मीटर तक बाइक व घायल घिसटते चले गए। बाइक में आग लग गई। राहगीरों ने आग बुझाई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
घायल गल्ला व्यापारी पुत्र, पिता समेत तीनों को पुखरायां सीएचसी भेजा गया। वहां युवक व गल्ला व्यापारी के पिता की मौत हो गई। गल्ला व्यापारी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अंतरामपुर निवासी गल्ला व्यापारी अभिषेक सिंह (30) अपने पिता रूप सिंह (55) और साथी अजय (30) के साथ बउवां सराय अनाज खरीदने गए थे। वे तीनों बुलेट पर सवार होकर शाम करीब 6:30 बजे लौट रहे थे। हलिया घाट मोड़ के पास पेट्रोल पंप के लिए जैसे ही बुलेट मोड़ी तो सामने से घाटमपुर की ओर से आ रहे डंपर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
