कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मंगलवार शाम करीब पौने आठ बजे पुलिस की निगरानी में अयोध्या रामलला के दर्शन पूजन किए। उसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अन्य नेताओं को मंगलवार सुबह रामलला के दर्शन पूजन करना था, लेकिन सभी को रात में ही नजरबंद कर लिया गया। अजय राय को अयोध्या के होटल से हिरासत में लेकर नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के गेस्ट हाउस ले जाया गया। जहां दिनभर वहीं रहे। देर शाम करीब पौने आठ बजे उन्हें पुलिस की निगरानी में रामलला मंदिर ले जाया गया, जहां दर्शन पूजन के बाद वह लखनऊ रवाना हुए।
ये भी पढ़ें – राम मंदिर चढ़ावा चोरी: जेल पहुंची पुलिस, आरोपी अविनाश शुक्ला से दो घंटे चली पूछताछ, मिले थे 20 लाख रुपये
ये भी पढ़ें – राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण: ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष से होगी पूछताछ, वित्तीय निगरानी से जुड़े होंगे सवाल; छह जुलाई को होगी बैठक
कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष डा. सीपी राय ने अयोध्या में दर्शन से रोकने पर सरकार पर निशाना साधा है। सवाल किया कि दर्शन पूजन से किसी को रोकना कहां तक जायज है। उन्होंने दर्शन पूजन से रोकने को अलोकतांत्रिक कदम बताया और सरकार पर चढ़ावा चोरी के सवालों से भागने का आरोप लगाया। इस घटनाक्रम से साफ है कि प्रदेश सरकार पूरी तरह घबरा गई है। सरकार चढ़ावा चोरी को अब भी छिपाने का कुत्सित प्रयास कर रही है। सीपी राय ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
उन्होंने पूछा कि यदि दर्शन कराना ही था तो कल से आज तक इतनी पुलिस बल लगाकर रोकने का क्या औचित्य था। कांग्रेस नेता ने दोहराया कि प्रदेश सरकार सवालों से बच नहीं सकती है। चढ़ावा चोरी के आरोपी कतई बच नहीं सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस पार्टी आवाज उठाती रहेगी। यह मुद्दा सरकार के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।
