झांसी। सीपरी बाजार के करारी इलाका निवासी एवं बुंदेलखंड केसरी रह चुके दारा सिंह उर्फ पहलवान (55) रविवार दोपहर करारी गांव में ही करंट की चपेट में आ गए। अचेत हाल में परिजन उनको लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, यहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार में रोना पिटना मचा है।


करारी निवासी दारा सिंह पहलवानी के शौकीन थे। कई जगहों पर दंगल लड़ चुके। बुंदेलखंड केसरी का भी वह खिताब जीत चुके। अब गांव में रहकर खेती-किसानी समेत दुग्ध व्यवसाय करते थे। परिजनों ने बताया कि दोपहर करीब 11 बजे वह मवेशियों को लेकर गांव के बाहर गए थे। उस दौरान वहां एक खंभे में उतरे करंट की चपेट में आकर वह बुरी तरह से झुलस गए। भाई चंद्रभान के फोन करने पर जब उन्होंने फोन नहीं उठाया तब वह उनको तलाशते हुए गांव के बाहर पहुंचा। यहां दारा सिंह अचेत हाल में पड़े थे। यह देखकर वह उनको तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा लेकिन, कुछ ही देर में डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिवार में रोना-पिटना मच गया। परिवार में पत्नी समेत दो बेटे शिवराज (15) एवं राधे (10) हैं जबकि दो बेटियों में वर्षा (20) की शादी कर चुके। छोटी बेटी बबीता पढ़ाई करती है। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *