Kanpur Dehat Bus Accident: नींद की एक झपकी ने लील ली 2 जिंदगियां, सालासर धाम से लौट रही बस ट्रक में घुसी, 22 घायल

हादसे की तस्वीर.

Kanpur Dehat News: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जनपद में नेशनल हाईवे-19 पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है. धार्मिक यात्रा से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक टूर एंड ट्रेवल्स बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी. इस भीषण टक्कर में बस सवार दो यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 22 अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों में से 10 की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर किया गया है.

जानकारी के अनुसार, उन्नाव के शुक्लागंज से करीब 30 श्रद्धालुओं को लेकर एक टूरिस्ट बस मेहंदीपुर बालाजी और सालासर धाम के दर्शन के लिए गई थी. दर्शन करने के बाद सभी श्रद्धालु गुरुवार को वापस अपने घर उन्नाव लौट रहे थे.

जैसे ही बस कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खोजाफूल के पास नेशनल हाईवे-19 पर पहुंची, बस चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई. चालक के वाहन से नियंत्रण खोते ही तेज रफ्तार बस सीधे आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई.

2 यात्रियों की मौत, 10 गंभीर घायल मेडिकल कॉलेज रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सिकंदरा पहुंचाया गया. इस भीषण दुर्घटना में दो यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

ये भी पढ़ें: छोटे भाई की शादी हुई तो आगबबूला हुआ बड़ा बेटा, गुस्से में मां के ही घर को किया आग के हवाले

प्राथमिक उपचार के बाद 10 यात्रियों की बेहद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर कर दिया है. शेष 10 से 12 घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा में ही डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है.

पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा, हाईवे पर सुचारू कराया गया यातायात

घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) और सिकंदरा के क्षेत्राधिकारी (CO) सौरभ वर्मा ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया. अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल यात्रियों साधना मिश्रा, राम भगत सिंह समेत अन्य का हाल जाना और चिकित्सकों (डॉ. पूजा गोयल व टीम) को बेहतर इलाज के निर्देश दिए. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर बाधित हुए यातायात को फिर से सुचारू करा दिया गया है.

बृजेन्द्र गुप्ता

बृजेन्द्र गुप्ता

बृजेन्द्र गुप्ता की शुरुआत स्थानीय स्तर के एक न्यूज चैनल से हुई. 2001 में आजतक के लिए कैमरामैन के तौर पर जुड़े. इस दौरान वो बीहड़ के कई डकैतों के इंटरव्यू का अहम हिस्सा रहे. इसके बाद 2003 में सहारा समय (उत्तरप्रदेश/उत्तराखंड) में स्ट्रिंगर के तौर पर जुड़े. इसके बाद उन्होंने टीवी9 भारतवर्ष के साथ स्ट्रिंगर के तौर पर अपनी पारी की शुरुआत की.

Read More



Source link

अभी अभी की खबरें