कानपुर में हनुमंत विहार थानाक्षेत्र के अर्रा नई बस्ती में मंगलवार को कक्षा पांच के छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दादी बोली कि चाबी खोने पर दरवाजा तोड़कर बच्चा कमरे में गया। वहीं, मां काम से लौटी, तो चाबी दरवाजे पर लटकी और बेटे का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
अर्रा निवासी वीरेंद्र राजपूत पार्सल का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि गौरव राजपूत उर्फ साहिल (12) उनका इकलौता बेटा था। वह एक इंटर कॉलेज में कक्षा पांच का छात्र था। पत्नी संगीता प्राइवेट नौकरी करती हैं। इसके अलावा मकान में उनकी मां रामवती और भाई व उनका परिवार रहता है। दादी रामवती ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की सुबह रोज की तरह बेटा और बहू काम पर चले गए थे।
