कासगंज। जिला खेल स्टेडियम फरीदनगर, सोरों में शनिवार को तीन दिवसीय जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। पहले दिन विभिन्न ब्लॉकों से आए छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। जूनियर बालक वर्ग में 50 मीटर दौड़ में गंजडुंडवारा के गौरव प्रथम, सोरों के सूरज द्वितीय और सिढ़पुरा के रजित तृतीय रहे।
100 मीटर में सोरों के अरविंद ने पहला, गौरव ने दूसरा और पटियाली के विशेष ने तीसरा स्थान पाया। 400 मीटर में विशेष प्रथम, सूरज द्वितीय और अमांपुर के जितेंद्र तृतीय रहे। कबड्डी में सोरों विजेता और अमांपुर उपविजेता रहा।
प्राथमिक बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में सहावर की सेजल प्रथम, कासगंज की प्रार्थना द्वितीय और गंजडुंडवारा की सृष्टि तृतीय रहीं। 200 मीटर में भी सेजल ने पहला स्थान हासिल किया। गंजडुंडवारा की राखी द्वितीय और सोरों की शिवानी तृतीय रहीं। बालिका कबड्डी में सहावर विजेता और सोरों उपविजेता रहा।
प्रतियोगिता का संचालन ब्लॉक पीटीआई मुनेश राजपूत ने किया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी नेत्रपाल सिंह, जिला पीटीआई राजेंद्र सिंह, डीसी वीरेंद्र सिंह, भानेंद्र सिंह, अमित शाक्य, पीटीआई दीनदयाल, फुरकान अली, अजय यादव, सोमेंद्र सिंह सहित शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
———–
प्राथमिक वर्ग में ये बने विजेता
प्राथमिक बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सोरों के कुलदीप प्रथम, गंजडुंडवारा के प्रेमचंद्र द्वितीय और कासगंज के अंशुल तृतीय रहे। 400 मीटर में पटियाली के गगन प्रथम, कासगंज के विशाल द्वितीय और गंजडुंडवारा के प्रशांत बाबू तृतीय रहे। गोला फेंक और चक्का फेंक दोनों में गंजडुंडवारा के प्रशांत प्रथम रहे। कबड्डी में सोरों विजेता और अमांपुर उपविजेता रहा। बालिका वर्ग की कबड्डी में पटियाली विजेता और सोरों उपविजेता रहा।
