कासगंज। निर्माणाधीन मथुरा-बरेली हाईवे पर कायमपुर बहेड़िया गांव के सामने बुधवार सुबह मिले अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त शाहजहांपुर की अरुणा यादव (36) के रूप में हुई है।
सोशल मीडिया के जरिये पहचान होने पर शनिवार को कासगंज पहुंचे परिजन ने उसके पहले पति पर अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका नोएडा में किराये के मकान में रहती थी। वह दिल्ली के एक स्कूल में संविदा शिक्षिका थी।
25 नवंबर बुधवार सुबह गोरहा निवासी राज की सूचना पर एसपी ओपी सिंह व सीओ सदर आंचल चौहान ने सुरेंद्र के बाग के पास शव मिलने के स्थल का जायजा लिया था।
मौके से बदायूं के सहसवान क्षेत्र के शहबाजपुर से खरीदी बीयर की कैन, पर्स और बाएं हाथ में ”द्वारकाधीश” लिखा लाल धागा मिला था जबकि मोबाइल व एटीएम गायब थे।
पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर साझा तस्वीरों के आधार पर परिजन ने उसकी पहचान अरुणा यादव पत्नी अजय यादव निवासी भरतामऊ, थाना मीरजापुर, जिला शाहजहांपुर के रूप में की है।
——————
दूसरी शादी के बाद भी पहला पति करता था परेशान
मृतका के भाई अमित यादव निवासी स्टेशन कॉलोनी, थाना रोजा, शाहजहांपुर ने बताया कि अरुणा ने वर्ष 2014 में बदायूं निवासी युवक से पहली शादी की थी। प्रताड़ना के चलते साल 2023 में उससे अलग हो गई जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
वर्ष 2024 में उसने छत्तीसगढ़ में तैनात सीआरपीएफ कर्मी अजय यादव से दूसरी शादी की। वर्तमान में वह छत्तीसगढ़ में तैनात है। भाई का आरोप है कि दूसरी शादी के बाद भी पहला पति कॉल कर धमकाता और प्रताड़ित करता था जिसकी शिकायत एक माह पहले दिल्ली में दर्ज कराई गई थी।
परिजन की उससे अंतिम बार 23 नवंबर को बात हुई थी जिसके बाद फोन बंद मिला। भाई के अनुसार पहले पति ने अपहरण कर हत्या की और पहचान छिपाने के लिए शव यहां फेंक दिया।
————————–
परिजन बोले- पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद देंगे तहरीर
शनिवार शाम पोस्टमार्टम के बाद अरुणा के परिजन शव शाहजहांपुर ले गए। मामले में अभी तहरीर नहीं दी गई है। परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तहरीर देने की बात कही गई है।
—————
वर्जन
मृतका की पहचान हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है। – आंचल चौहान, सीओ सदर

फोटो 46 – पोस्टमार्टम गृह पर खड़े अरुणा के परिजन।
