सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मोहनलाल में शनिवार तड़के खेत जोतने गए किसान की लाठी-डंडे और सरिया से पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक के बेटे ने अपने चाचा समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है
.

मृतक महिपाल की फाइल फोटो।
नगला मोहनलाल निवासी वीरपाल ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि उसके पिता महीपाल सिंह शनिवार सुबह करीब तीन बजे ट्रैक्टर लेकर छोटे बेटे रमन के साथ खेत पर गए थे। रमन खेत के कोने बना रहा था, जबकि महीपाल ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान उसके चाचा जंगजीत सिंह, अपने बेटे श्यामवीर सिंह, अनीता पत्नी स्व. अजीत सिंह और श्यामवीर का साला सत्यवीर सिंह निवासी दयालबाग, आगरा लाठी-डंडे, सरिया और फावड़ा लेकर खेत पर पहुंच गए।

मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
आरोप है कि चारों ने महीपाल सिंह पर हमला कर दिया। रमन के सामने ही आरोपियों ने लाठी-डंडे और सरिया से उनकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को ट्रैक्टर के कल्टीवेटर के नीचे डाल दिया गया। रमन के शोर मचाने पर उसका भाई गोपाल भी मौके पर पहुंचा। तहरीर के मुताबिक आरोपियों ने दोनों भाइयों को भी मारने की कोशिश की और किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटने लगी तो आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस के 112 नंबर पर दी गई। मृतक के बड़े बेटे वीरपाल के मुताबिक वह मेरठ में नौकरी करता है। भाइयों से घटना की जानकारी मिलने के बाद वह मेरठ से गांव पहुंचा। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
