कासगंज। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) आगरा और कासगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार शाम बरेली हाईवे पर 900 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसका साथी खेतों के रास्ते मौके से भागने में सफल रहा।
दोनों स्कूटी से मथुरा के खरीदार को हेरोइन की खेप पहुंचाने आए थे। पुलिस ने स्कूटी और दो मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में लगी है।
सदर सीओ आंचल चौहान के नेतृत्व में रविवार शाम को एएनटीएफ आगरा जोन और सदर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचना पर अशोक नगर अंडरपास से छर्रा रोड की ओर बरेली हाईवे पर चेकिंग शुरू कर दी।
इस दौरान पुलिस ने स्कूटी पर सवार दो संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर एक आरोपी खेतों की तरफ भाग गया जबकि दूसरे को पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से नौ पैकेट में रखी 900 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजरुद्दीन (30) निवासी गली बड्डू नगर कासगंज के रूप में हुई। पूछताछ में उसने भागे हुए अपने साथी का नाम अजीम उर्फ भूरा निवासी कासगंज बताया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि दोनों स्कूटी से हेरोइन की सप्लाई देने पहुंचे थे। खेप मथुरा निवासी खरीदार अलीम को देनी थी। उसने बताया कि इस्तेमाल की गई स्कूटी उसके भाई सैफुद्दीन की है।
————–
वर्जन :
-900 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसका दूसरा साथी मौके से भाग गया। इसकी अनुमानित कीमत 1.80 करोड़ रुपये है। आरोपी के पास से दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा में कार्रवाई की गई है। दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है। -आंचल चौहान, सदर सीओ कासगंज
