घायल शिक्षिका शिवांगी ने बताया कि सिर में टांके लगाए गए। डॉक्टर ने दवाइयां लिख दी थीं, जब उन्होंने दवाई के लिए स्वास्थ्य कर्मियों से कहा तो सुबह-शाम इंजेक्शन लगाए जाने की बात कही गई। उन्होंने बताया कि दवाइयों को बाहर से खरीदने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा। वहीं, प्राचार्य डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही 25 डॉक्टरों की टीम को इमरजेंसी में तैनात कर दिया था। इसमें सभी विभागों के एचओडी भी शामिल थे। मेडिकल कॉलेज में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता है। बाहर की दवा किसी से नहीं मंगाई गई।

एक्सप्रेसवे की पीली पट्टी पर बस खड़ी करना पड़ा भारी

एक्सप्रेसवे पर पीली पट्टी में वाहन रोकना अपराध, जगह-जगह बनाए गए हैं निर्धारित ठहराव स्थल

संवाद न्यूज एजेंसी

तिर्वा। टूर से लौट रही स्कूली बस में सवार बच्चों को लघुशंका कराने के लिए चालक ने ठठिया क्षेत्र के बहासुइया गांव के पास एक्सप्रेसवे पर पीली पट्टी के किनारे बस रोक दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की जान चली गई।

दरअसल, एक्सप्रेसवे पर पीली पट्टी के किनारे वाहन खड़ा करना यातायात नियमों के तहत प्रतिबंधित है। इसके बावजूद चालक ने बस रोककर बच्चों की जान जोखिम में डाल दी। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी शशिकांत मिश्रा ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर पीली पट्टी के पास वाहन रोकना अपराध की श्रेणी में आता है। वाहनों को सुरक्षित रूप से रोकने के लिए जगह-जगह निर्धारित स्थल बनाए गए हैं। चालकों को इन्हीं स्थानों पर वाहन रोकना चाहिए। इसके बावजूद बस चालक ने नियमों की अनदेखी की, जिसका खामियाजा मासूम बच्चों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा।

हादसे के चार कारण

स्कूल बस का पीली पट्टी पर खड़ा होना

निर्धारित रेस्ट एरिया में बस न खड़ी करना

ट्रक चालक को झपकी आना

यूपीडा की पेट्रोलिंग टीमों की सुस्ती

स्कूल प्रबंधन पर बच्चों को बिना बताए ले जाने का आरोप

– अरमान के पिता ने कहा गलत रूट से बस लेकर आ रहे थे

धाता/खखरेरू। कन्नौज जिला हाईवे पर मंगलवार भोर एक बस दुर्घटना में कौशाम्बी के ओरिएंटल पब्लिक विद्यालय के दो हाईस्कूल छात्रों की मौत हो गई। इस हादसे में पांच अन्य छात्र घायल हुए हैं, जिन्हें हैलट में भर्ती कराया गया है। अरमान के परिजन ने विद्यालय प्रबंधन पर बिना बताए ले जाने व लापरवाही का आरोप लगाया है।

अफजलपुरवारी स्थित पइंसा के ओरिएंटल पब्लिक विद्यालय की बस आगरा यात्रा से हाईस्कूल के छात्रों को लेकर लौट रही थी। मंगलवार भोर कन्नौज जिला हाईवे पर हादसा हो गया। मृतकों में धाता थाने के सरवनपुर निदौरा निवासी जैद मिर्जा (17) और खखरेरू थाने के जहांगीरनगर गहुरा गांव के अरमान (17) शामिल हैं। घायल छात्रों में सरवनपुर नेदौरा का अहमद रजा, जहांगीर नगर गहुरा गांव के अहद बिलाल (14), मोईन (16), मोहिद्दीन (14) और अतवीर (15) हैं। सभी घायलों को हैलट में भर्ती कराया गया है।

अरमान के पिता ने बताया कि उन्हें बेटे की यात्रा की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन पर गलत रूट से बस लाने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, बस को सीधे इटावा हाईवे से लौटना चाहिए था। जैद मिर्जा की मौत की खबर भी विद्यालय प्रबंधन के फोन आने पर उनके पिता रियाज को मिली। परिजन का कहना है कि विद्यालय ने बच्चों को अचानक यात्रा पर भेजा था।

इनसेट

स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

जान गंवाने वाले छात्र जैद के पिता रियाज अहमद ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि बच्चों को लेकर रात में नहीं चलना चाहिए था। बस की लाइट भी दुरुस्त नहीं हैं, लोकल में चलने वाली बस को टूर पर भेज दिया गया।

सोते समय मौत ने झपट्टा मारा

घायल बच्चे ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ा

संवाद न्यूज एजेंसी

कन्नौज। ठठिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह हुए हादसे के वक्त सभी बच्चे बस में सो रहे थे। बस में मौजूद रहे कक्षा 10 के छात्र चश्मदीद अस्मित चौरसिया ने बताया कि लघुशंका के लिए एक-दो बच्चे ही नीचे उतरे थे। टक्कर लगने से बस की पीछे वाली सीटों पर बैठे बच्चे अधिक घायल हो गए थे।

बस में सवार एक बच्चे को यूरिन डिस्चार्ज की समस्या थी। वह पेट में दर्द से परेशान था। उसी बच्चे के कहने पर बस को चालक ने रोका था। टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई। बस में सवार बच्चे दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।

इनसेट

एक घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस, घायलों को बच्चों ने ही निकाला

अपने सगे छोटे भाई आर्यन चौरसिया को इस हादसे में खोने वाले चश्मदीद छात्र अस्मित ने बताया कि एंबुलेंस करीब एक घंटे बाद पहुंची। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पहले पहुंच गए थे, जो तमाशबीन बनकर देखते रहे। बच्चों ने ही घायलों को बस से बाहर निकाला। अस्मित के मुताबिक, घायल जैद के हाथ की हड्डी बाहर निकल आई थी। उसे बस से उतार कर सड़क पर लिटा दिया था, सर्दी लगने के कारण ओढ़ा दी गई। उसकी आंखें करीब आधा घंटे तक खुली रहीं। वह तड़पता रहा लेकिन समय से अस्पताल नहीं पहुंच सका। सूचना देने के करीब एक घंटे बाद एंबुलेंस पहुंची।

इनसेट

डिप्टी सीएम व केंद्रीय मंत्री ने की प्राचार्य से बात

राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल छात्रों के समुचित इलाज को लेकर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक व केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पुष्पेंद्र सिंह से फोन पर बातचीत की।

इनसेट (मुख्य खबर)

छोटे भाई को खोया पर मां को बंधाता रहा ढांढ़स

एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे ने भाई की जिंदगी में ऐसा दुख भर दिया, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। बस में सवार अस्मित (17) और उसका छोटा भाई आर्यन (14) दोनों ओरियंटल पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे। अस्मित कक्षा 10 का छात्र था, जबकि आर्यन कक्षा आठ में पढ़ रहा था। हादसे में छोटे भाई की मौत की खबर मिलते ही अस्मित बदहवास हो गया। कांपती आवाज में उसने घरवालों को हादसे की सूचना दी। दूसरी ओर फोन पर बेटे की मौत की खबर सुनकर मां बिलखने लगी। खुद भाई को खोने के गम में टूट चुके अस्मित ने फोन पर रोती मां को संभालने और चुप कराने की कोशिश की।

————

ट्रक चालक भागा, मालिक बोला पहले ही बेच चुका ट्रक

हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। ट्रक के पंजीकृत नंबर के माध्यम से हरियाणा पलवल के उतावल बारी रोड धौलपुर निवासी मालिक रकीम खान से बात की गई तो पता चला कि वह करीब छह माह पहले ही ट्रक बेच चुके हैं लेकिन अभी ट्रांसफर नहीं हुआ है। जिसे ट्रक बेचने की बात कही जा रही है उसका कहना है कि उसकी टायर एजेंसी है, उसने कोई ट्रक नहीं खरीदा है। फिलहाल ट्रक के असली मालिक को लेकर संशय बना हुआ है। ठठिया थानाध्यक्ष संजीव कुमार का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



Source link