एसडीएम की जांच में नहीं मिले डॉक्टर, रजिस्टर भी मिला अधूरा, नोटिस बोर्ड से गायब थी चिकित्सकों की सूची

सदर एसडीएम की अगुवाई में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान

पडरौना। जिले में अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार को अभियान चलाया। सदर एसडीएम की अगुवाई में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने रविंद्र नगर और कुबेरस्थान क्षेत्र के कई केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान डॉक्टरों की गैरमौजूदगी, अधूरे अभिलेख और अन्य खामियां मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी किए गए। वहीं, एक केंद्र को सील कर दिया गया।

जांच टीम ने महाबीर अल्ट्रासाउंड सेंटर रविंद्र नगर, नीब अल्ट्रासाउंड कुबेरस्थान और मातुल्य अल्ट्रासाउंड कुबेरस्थान का निरीक्षण किया। इस दौरान कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। कहीं डॉक्टर मौजूद नहीं मिले तो कहीं आवश्यक अभिलेख अधूरे पाए गए। रजिस्टर की जांच में सितंबर तक का ही विवरण दर्ज मिला। इसके बाद के महीनों का ब्योरा उपलब्ध नहीं कराया जा सका। केंद्रों के नोटिस बोर्ड पर जांच करने वाले चिकित्सकों की सूची भी चस्पा नहीं मिली। टीम ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

वहीं, न्यू पूर्वांचल अल्ट्रासाउंड सेंटर कुबेरस्थान में जांच के दौरान डॉक्टर मौजूद नहीं मिले। इसके अलावा अन्य अनियमितताएं भी पाई गईं। इस पर टीम ने केंद्र को सील कर दिया।

इसके अलावा टीम ने सत्यम अल्ट्रासाउंड सेंटर रविंद्र नगर और कृष्णा अल्ट्रासाउंड सेंटर छावनी का भी निरीक्षण किया। सत्यम अल्ट्रासाउंड सेंटर पर सभी आवश्यक दस्तावेज वैध मिले लेकिन नोटिस बोर्ड अपडेट नहीं था। वहीं, कृष्णा अल्ट्रासाउंड सेंटर का पंजीकरण समाप्त हो चुका था। संचालक ने पंजीकरण नवीनीकरण के लिए आवेदन किया था। इस पर टीम ने नया पंजीकरण होने तक अल्ट्रासाउंड जांच नहीं करने का निर्देश दिया। साथ ही नोटिस बोर्ड पर जांच करने वाले चिकित्सकों की सूची नियमित रूप से चस्पा करने को कहा।

वर्जन

अभियान चलाकर बिना पंजीकरण संचालित सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों को बंद कराया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों में नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में मिली कमियों को दूर नहीं करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

– विवेक कुमार मिश्र, एसडीएम



Source link