मोबाइल के चार नंबरों से खुल सकता है घटना का राज

खड्डा क्षेत्र का मामला, जिन नंबरों पर हुई थी बात, सभी स्विच ऑफ

खड्डा। थाना क्षेत्र के एक गांव की 19 वर्षीय युवती का शव बुधवार को रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में मिला। युवती दो दिन पहले घर से कूड़ा फेंकने की बात कहकर निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। इस बीच उसके बिस्तर के पास मिले एक छोटे मोबाइल और उसमें चार-पांच नंबरों पर बातचीत के साक्ष्य सामने आने से मामला संदिग्ध हो गया है।

परिजन के मुताबिक, युवती मदरसे में पढ़ाई करने के बाद घर पर ही रह रही थी। दो दिन पहले वह घर से कूड़ा फेंकने निकली थी, लेकिन लौटकर नहीं आई। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार को ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर शव देखा। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन ने शव की पहचान की।

परिजन के अनुसार, तलाश के दौरान युवती के बिस्तर के पास एक छोटा मोबाइल मिला। परिवार के लोगों को इस मोबाइल की जानकारी पहले नहीं थी। मोबाइल में जिन चार-पांच नंबरों पर बातचीत के साक्ष्य मिले हैं, वे सभी फिलहाल स्विच ऑफ हैं। ऐसे में पुलिस इन नंबरों और कॉल डिटेल के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रेम प्रसंग, आत्महत्या और हत्या समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। ग्रामीणों में यह चर्चा भी है कि कहीं शव को दूसरी जगह से लाकर रेलवे ट्रैक पर तो नहीं रखा गया था। हालांकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।

इस संबंध में एसओ महेश कुमार चौबे ने बताया कि रेलवे ट्रैक से युवती का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मोबाइल और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



Source link

अभी अभी की खबरें