Body of a young man found hanging from a litchi tree

मृतक अजय गिरी की फाइल फोटो।

दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत दुदही के वार्ड नंबर 15 स्थित गिरी टोला में रविवार सुबह 22 वर्षीय युवक का शव घर के पास लीची के पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।


जानकारी के अनुसार, गिरी टोला निवासी अजय गिरी चंडीगढ़ में फल बेचने का काम करता था। वह करीब एक सप्ताह पहले ही घर आया था। बताया जाता है कि शनिवार रात गांव में आई एक बरात में वह शामिल हुआ था और रात करीब दो बजे तक वहां मौजूद था। रविवार सुबह घर के पास स्थित लीची के पेड़ से उसका शव लटका मिला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना को लेकर गांव में प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या किए जाने की चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। थानाध्यक्ष शनि कुमार ज्वाला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link