पडरौना। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को डीएम संजय चौहान और एसपी केशव कुमार ने संयुक्त रूप से निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों के चिह्नांकन, कानून-व्यवस्था और मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार कर लें। मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम समय से पूरे किए जाएं। इसके साथ ही संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने को कहा गया।
अधिकारियों ने सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और आदर्श आचार संहिता का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्वाचन संबंधी तैयारियों की नियमित समीक्षा कर कमियों को समय रहते दूर करने पर जोर दिया।
बैठक में एडीएम पवन कुमार, एएसपी सिद्धार्थ वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
